मुरादाबाद। छठ पूजा के पावन अवसर पर नगर निगम ने शहरवासियों को ऐसा उपहार दिया है, जिसने पूरे शहर का गौरव बढ़ा दिया है। पहली बार नगर निगम की ओर से एक विशाल, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य छठ घाट का निर्माण किया गया, जिसका लोकार्पण धूमधाम के साथ किया गया। दुल्हन की तरह सजाए गए इस घाट ने श्रद्धालुओं में खासा उत्साह भर दिया है। उद्घाटन समारोह में कमिश्नर अंजनेय कुमार, मेयर विनोद अग्रवाल, नगर विधायक रितेश गुप्ता सहित नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

नगर आयुक्त की पहल बनी चर्चा का केंद्र
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल द्वारा पूर्वांचलवासियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए तैयार कराए गए इस छठ घाट को शहर के लिए एक ‘अनमोल सौगात’ माना जा रहा है। पहली बार छठ पर्व के लिए इतनी भव्य व्यवस्था की गई है, जिसने मुरादाबाद को धार्मिक आयोजनों की नई पहचान दिलाई है।
पारंपरिकता और आधुनिकता का संगम
इस घाट को आकर्षक रोशनी, रंग-बिरंगे थीम डेकोरेशन और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप तैयार किया गया है। सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, जल प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।
शहरवासियों में उमड़ा गर्व
लोकार्पण के बाद से ही घाट की सुंदरता और नगर निगम की दूरदर्शिता की जमकर प्रशंसा हो रही है। शहरवासियों का कहना है कि यह केवल एक घाट नहीं, बल्कि आस्था और विकास का संगम है, जो आने वाले वर्षों तक छठ पूजा का प्रमुख केंद्र रहेगा।
क्या बोले जनप्रतिनिधि?
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इसे शहर के सांस्कृतिक विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मेयर विनोद अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम सदैव जनता की आस्था और अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करता रहेगा। भव्य छठ घाट के लोकार्पण के साथ मुरादाबाद ने धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की दिशा में एक नया इतिहास रच दिया है। यह पहल न केवल पूर्वांचल वासियों के हृदय में छठ पर्व के प्रति सम्मान को बढ़ाएगी, बल्कि शहर को एक नई पहचान भी दिलाएगी।








Be First to Comment